बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 आरोपी गिरफ्तार, 10 महिलाओं को कराया गया मुक्त

नैनीताल , 06 जुलाई 2026 । नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने रिसॉर्ट में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एक बड़े मानव तस्करी और देह व्यापार गिरोह के खिलाफ की गई कार्रवाई में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी का दावा करते हुए 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिन्हें कथित तौर पर देह व्यापार के लिए अवैध रूप से रखा गया था। मामले की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

मामले में रिजॉर्ट को सील कर दिया गया है। इस पूरे धंधे को चलाने वाले रिजॉर्ट का जनरल मैनेजर फरार है। बताया जा रहा है दवाई की एक कंपनी दिल्ली और यूपी के कुछ लोगों को मनोरंजन के नाम पर लेकर आई थी। रिसॉर्ट में डांस बार और अन्य अवैध गतिविधियां भी संचालित होती है। पुलिस ने जब छापा मारा तो महिलाओं पर पैसे उड़ाए जा रहे थे और उन्हें नचाया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, कथित तौर पर ग्राहकों की रजिस्टर में कोई एंट्री नहीं की जाती थी और सौदे नकद या अन्य माध्यमों से किए जाते थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एक ग्राहक से लगभग 10,000 रुपये तक वसूले जाने की बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।

जांच में पता चला कि पार्टी के आयोजक ने करीब 10 दिन पहले ही रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर से संपर्क किया था। आरोप है कि इस दौरान शराब, महिलाओं और कथित एक्स्ट्रा सर्विस उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। पुलिस की मानें तो 4-5 जुलाई 2026 तक के लिए रिजॉर्ट करीब 2 लाख 20 हजार रुपए में बुक किया गया था। पुलिस का दावा है कि रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले किसी भी व्यक्ति और महिलाओं का नाम रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जाए। इस आधार पर पुलिस को शक है कि इस रिजॉर्ट में इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित की जाती रही होंगी। इसकी जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.